वीरता व अदम्य साहस के प्रतीक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस – विजय बघेल

भिलाई(khabarwarrior) नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती आज प्रदेश भर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। भिलाई में भी इस अवसर पर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में बंग समाज के लोगों के अलावा संयंत्र कर्मियों व यूनियन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
देशभक्ति गीतों तथा वंदे मातरम के नारों के साथ यह रैली भिलाई के सेक्टर सात से निकाली गई। शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण करते हुए यह रैली प्रियदर्शनी परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रतिमा स्थल पर जाकर संपन्न हुई, जहां पर लोगों द्वारा सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान दुर्ग के सांसद विजय बघेल भी मुख्य रूप से मौजूद थे। उन्होंने भी नेता जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान विजय बघेल ने नेताजी को वीरता व अदम्य साहस का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने आजादी के लिए देश भर में क्रांति की अलख जगाई और देश को एकजुट किया। उन्होंने युवा पीढ़ी से नेताजी के बताए मार्ग का अनुसरण करने की अपील की।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आज अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।