सीएए के विरोध में चल रहे धरने में सिंह देव के जाने पर भाजपा की आपत्ति

सिंहदेव को संवैधानिक मर्यादा रखनी चाहिए: भाजपा
रायपुर(khabarwarrior)जयस्तंभ चौक पर सीएए के विरोध में चल रहे धरने में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के शामिल होकर समर्थन करने पर भाजपा ने आपत्ति की है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्यम दुआ ने कहा कि स्वास्थ्यमंत्री टीएस. सिंहदेव का उस स्थान पर जाना और उन्हें समर्थन देना पूरी तरह संविधान और लोकतंत्र का अपमान है।और हम इसकी निंदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में कानून बनाने का पूर्ण अधिकार देश की संसद को है। जब देश का संसद कोई कानून बनाता है और उस पर देश के राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के उपरांत शासकीय गजट में प्रकाशन हो जाता है तो यह अधिनियम पूरे देशवासियों के लिए लागू हो जाता है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुवा ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को इस बात की जानकारी होना चाहिए कि वे जिस संविधान की शपथ लेकर विधायिका और मंत्री परिषद् का पद धारण किए हुए हैं वे उसी संविधान की अवहेलना कर रहे हैं। टी.एस. सिंहदेव को अपने संवैधानिक मर्यादा को बनाए रखना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी यह लगातार कहती आ रही है कि देश में सीएए के विरोध के पीछे कांग्रेस पार्टी पूरी तरह शामिल है। केन्द्र में कांग्रेस की सरकार नही है जिससे कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व तिलमिलाया हुआ है और उसके नीचे के सभी संगठनात्मक ढांचे को और कांग्रेस शासित राज्यों को इस कानून का विरोध करने के लिए झोंक दिया है।
धारा 144 का हुआ उल्लंघन
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्यव दुवा ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को यह भी अवगत होना चाहिए कि राजधानी का हृदय स्थल जयस्तंभ चौक में निषेधाज्ञा कानून धारा 144 लागू है और संवैधानिक पद धारण किए हुए किसी भी व्यक्ति का वहां जाकर समर्थन करना और जमावड़े में शामिल होकर उनके साथ खड़ा होना निश्चित ही धारा 144 का खुला उल्लंघन है। जिला प्रशासन को ऐसे स्थान पर जमावड़े एवं उन्हें समर्थन देने वालों पर कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने जिला प्रशासन से यह भी मांग की कि जयस्तंभ चौक पर प्रतिदिन ऐसे जमावड़े पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस पर ठोस निर्णय लिया जाए। जिला प्रशासन ने ऐसे किसी विरोध प्रदर्शन की विधिवत अनुमति प्रदान की है क्या यह भी स्पष्ट होनी चाहिए।