संदिग्धों की निगरानी के लिए प्रतिष्ठानों में लगवाएं सीसीटीवी कैमरे: एसपी सूरजपुर

बिलासपुर(ख़बर वारियर)- अंबिकापुर बीते रविवार को गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और डीजीपी डीएम अवस्थी ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए सभी पुलिस अधीक्षकों से कानून व्यवस्था एवं अपराधों की रोकथाम तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीव्ही कैमरा लगाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए थे। इसी परिपेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर राजेश कुकरेजा ने नगर के व्यवसायिक संस्थानों के संचालकों की बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित की और उनसे सीसीटीवी की उपलब्धता, औचित्य तथा सुरक्षा विषयों को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज अपराधों की रोकथाम और अपराध अन्वेषण एवं खोज-बीन के लिए नवीन तकनीक का उपयोग सबसे कारगर साबित हो रही है। शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे के अलावा हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपनी सुरक्षा के लिए खुद जागरूक रहें और इसके उपाए करें। उन्होंने कहा कि आप सभी के साथ बैठक करने का उद्देश्य संयुक्त रूप से सुरक्षा को प्राथमिकता देना है, जिससे अपराध पर अंकुश लगे और असामाजिक तत्वों पर इसका खौफ बना रहेगा।
अपराध को रोकने के लिए आप सभी सतर्क रहे और सीसीटीवी कैमरा लगाकर हमें सहयोग प्रदान करें। उन्होंने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले व्यक्तियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने की समझाईश दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि व्यापारीगण दुकान के आंतरिक सुरक्षा को प्रथम तथा बाहरी सुरक्षा को दूसरे स्थान पर प्राथमिकता देते है, जिसका अपराधियों को लाभ मिलता है।
सीसीटीवी कैमरा होगी अच्छी क्वालिटी की
अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद सीसीटीवी कैमरे की हार्डडिस्क की तोड़फोड़ कर या उसे लेकर फरार हो जाते हैं, जिसके कारण पुलिस को घटना की जांच व अपराधियों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। सभी व्यापारीगण अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगवाए और कम से कम दो कैमरे दुकान के बाहर इस तरह से लगवाएं, जिससे रोड़ पर होने वाली गतिविधियों एवं संदिग्धों पर नजर रखी जा सके। यथासंभव सीसीटीवी कैमरा अच्छी क्वालिटी के लगवाएं। कई बार यह देखने को मिला है कि संदेही तो दिख रहे हैं किन्तु तस्वीर क्वालिटी अच्छी नहीं होने के कारण उन्हें पहचानने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और व्यापारीगण से प्रमुख चौक-चौराहों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने हेतु सहयोग करने की अपील की, जिसमें व्यापारीगण ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में गोलू टाईल्स के संदीप गुप्ता, सांवारिया फ्लैक्स के संस्कार अग्रवाल, बनवारी लाल बिसेसर लाल के अंकुर गर्ग, सहित कई अन्य व्यापारीगण ने तीसरी आंख लगवाने में सहयोग करने की सैद्धांतिक सहमति दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, सीएसपी जेपी भारतेन्दु, एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, थाना प्रभारी दीपक पासवान, सीएमओ नपा दीपक एक्का सहित काफी संख्या में नगर के व्यापारीगण मौजूद रहे।



