तीन लाख के इनामी नक्सली सहित पांच ने किया आत्मसमर्पण

बस्तर(ख़बर वारियर)- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सोमवार को तीन लाख के इनामी समेत पांच नक्सलियों ने एसपी और अन्य अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। चर्चा थी कि इनमें एक इनामी नक्सली एके-47 राइफल, 80 कारतूस, वर्दी और स्टेशनरी सामान लेकर पहुंचा था। नक्सली ने एके-47 राइफल रायपुर में एक व्यक्ति से आठ लाख रुपये में खरीदी थी। राइफल के साथ समर्पण करने वाला नक्सली दरभा डिवीजन दलम सुरक्षा का प्लाटून सेक्शन डिप्टी कमांडर बताया गया है। हालांक, एसपी डाक्टर अभिषेक पल्लव ने स्पष्ट किया है कि समर्पित नक्सली सोमडू ने एके-47 राइफल के साथ समर्पण नहीं किया है और न ही वह रायपुर गया था।
पुलिस के लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान के तहत सोमवार को बंडीपारा परचेली निवासी सोमडू वेट्टी, एटेपाल निवासी व छोटेगुडरा पंचायत जनमिलिशिया सदस्य बामन उर्फ डेंगा यादव, नहाड़ी-ककाड़ी पंचायत जनमिलिशिया सदस्य देवा मड़कम, डुवालीकरका चेतना नाट्य मंडली सदस्य लक्ष्मण और स्कूलपारा निवासी चेतना नाट्य मंडली सदस्य कुमारी मड़कम बोज्जो ने आत्मसमर्पण कर दिया।
इस दौरान सीआरपीएफ डीआइजी विनय कुमार सिंह, एसपी डा. अभिषेक पल्लव, एएसपी उदय किरण, राजेंद्र जायसवाल, एसडीओपी चंद्रकांत गर्वना, डीएसपी शिल्पा साहू, आशारानी व अन्य अधिकारी मौजूद थे। सोमडू ने कहा कि उसने काफी पहले ही पुलिस के पास आने का मन बना लिया था, लेकिन मौका नहीं मिला।
नक्सली मंगतू ने उसे रायपुर सामान लेने जाने को कहा तो उसने अच्छा मौका मानकर पुलिस से संपर्क किया और आत्मसमर्पण कर दिया। अब गांव में रहकर वह शांति की जिंदगी जीना चाहता है। सोमडू पहले भी हथियारों की व्यवस्था में नक्सली लीडरों के साथ होता था।



