छत्तीसगढ़

लौह अयस्क के बढ़े दाम, छह महीनों में 85 फीसद तक की बढ़ोत्तरी

रायपुर(खबर वारियर)- प्रदेश के उद्योगपतियों का कहना है कि कोरोना काल होने के बाद भी बीते छह माह में आयरन ओर (लौह अयस्क) की कीमतों में 80 से 85 फीसद तक की बढ़ोतरी हो गई है। इसके चलते सरिया की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को सरिया की कीमतें रिटेल में 49200 रुपये प्रति टन हो गई। क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि लौह अयस्क की बढ़ी कीमतों को देखते हुए आने वाले दिनों में सरिया की कीमतें और बढ़ेंगी।

छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नचरानी ने कहा कि इस प्रकार से लौह अयस्क की कीमतों में बढ़ोतरी होने के कारण ही सरिया की कीमतों में लगातार तेजी आ रही है। उन्होंने कहा कि कीमतों में जितनी तेजी है, उसकी तुलना में बाजार में उतनी मांग नहीं है। नचरानी ने कहा कि अयस्क की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण उद्योग काफी प्रभावित हो रहे है। पहले ही बिजली की मार इनमें बनी हुई है। ऐसे में एमएमडीसी को चाहिए कि वह कीमतों के मामले में प्रदेश के उद्योगों के लिए अलग से नीति बनाए।

सीमेंट में लग सकता है रिवर्स गियर

बाजार में मांग नहीं होने के बावजूद 275 रुपये तक पहुंच चुकी सीमेंट की कीमतों में कुछ दिनों में रिवर्स गियर लग सकता है। क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में सीमेंट की कीमतों में पांच से दस रुपए तक की कमी हो सकती है।

बिल्डर भी कीमत बढ़ाने की तैयारी में

इन दिनों बिल्डरों द्वारा भी अपने प्रोजेक्ट की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ बिल्डरों ने तो दाम बढ़ा भी दिए हैं।

Related Articles

Back to top button