दिलीप छाबड़िया के खिलाफ कपिल शर्मा ने दर्ज करवाया बयान, होगी पूछताछ

मुंबई(खबर वारियर)- कॉमेडियन कपिल शर्मा को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बयान दर्ज करने के लिए समन किया है। ये कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया की कथित धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला है।मुंबई पुलिस के मुताबिक, कपिल शर्मा ने कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया के खिलाफ कथित रूप से धोखाधड़ी करने के लिए शिकायत दर्ज की थी। अब उन्हें गवाह के रूप में अपना बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है।
29 दिसंबर की शाम को दिलीप छाबरिया को क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट ने अंधेरी के एमआईडीसी से गिरफ्तार किया था। दरअसल, कपिल शर्मा ने शाहरुख खान जैसी वैनिटी वैन बनाने के लिए दिलीप छाबरिया से बात की थी और आधे पैसे भी दे चुकें हैं। लेकिन उन्हें वैनिटी नहीं मिली। कपिल से इसी को लेकर पूछताछ हो सकती है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, 18 दिसंबर को उनकी टीम को एक गुप्त जानकारी मिली थी कि एक ही इंजन और चेसिस नंबर की दो या उससे ज्यादा गाड़ियां है और उसमें से एक गाड़ी कुलाबा के ताज होटल के पास आने वाली है। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम मौके पर पहुंची और एक डीसी कार को रोक उसके ऑनर से उस गाड़ी के पेपर्स की जांच की।फिर पता चला कि गाड़ी का रजिस्ट्रेशन 2016 में तमिलनाडु राज्य में हुआ था। क्राइम ब्रांच ने उस गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर की जांच भारत सरकार के वाहन पोर्टल पर की तो पता चला कि उसी इंजन और चेसिस नंबर की एक और गाड़ी है जिसका रजिस्ट्रेशन 2017 में हरियाणा राज्य में कराया गया था।
छाबड़िया पर यह भी है आरोप
28 दिसंबर को डीसी डिजाइन के संस्थापक और मशहूर कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक ‘DC अवंती’ कार भी जब्त हुई थी। छाबड़िया कथित तौर पर कार फाइनेंस और फेक रजिस्ट्रेशन रैकेट से जुड़े हुए थे। छाबड़िया पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप है। उनके खिलाफ धारा 420, 465, 467, 468, 471, 120 (बी) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल दिलीप पुलिस कस्टडी में हैं और आज उनकी कस्टडी समाप्त हो रही है।
छाबड़िया पर आरोप है कि वो अपनी बनाई कारों को खुद ग्राहक बनकर खरीदते थे और उन कारों पर लोन भी लेते थे। छाबड़िया को धोखाधड़ी और जालसाजी समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें मंगलवार को मुंबई की किला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 2 जनवरी तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया है।

कई सेलेब्रिटीज की कार डिजाइन की
दिलीप ने भारत की पहली स्पोर्ट्स कार डिजाइन की थी। उन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान तक कई फिल्मी हस्तियों के लिए कारें डिजाइन की हैं। कार के साथ ही वह सेलेब्स की आलीशान वैनिटी वैन भी डिजाइन करते हैं।
जल्द डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं कपिल
कपिल शर्मा जल्द ही अपना डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं। सोमवार को एक ट्वीट के जरिए इस बात की जानकारी दी थी। कपिल ने लिखा है, ‘शुभ समाचार को इंग्लिश में क्या कहते हैं? कृपया बताएं।’ इसके अलावा एक और ट्वीट में कपिल ने लिखा, ‘कल मैं एक शुभ समाचार साझा करूंगा।’



