छत्तीसगढ़

निष्ठा योजना से छत्तीसगढ़ के 1.35 लाख शिक्षकों का आनलाइन प्रशिक्षण

रायपुर( खबर वारियर)- कोरोना काल में केंद्र सरकार ने शिक्षकों को आनलाइन प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए देशभर में निष्ठा (नेशनल इनिसिएटिव आन स्कूल टीचर हेड हालिस्टिक एडवांमेंट) एकीकृत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शिक्षकों में लीडरशिप विकसित की जाएगी। प्रदेश में पहली से आठवीं तक के बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों की संख्या एक लाख 35 हजार है। इन शिक्षकों का निष्ठा पोर्टल पर पंजीयन प्रक्रिया चल रही है।

निष्ठा प्रशिक्षण के लिए दीक्षा पोर्टल पर पंजीयन करा सकते हैं। शिक्षकों का आनलाइन प्रशिक्षण छह चरणों में 18 माड्यूल के जरिए होगा। पांच से 28 फरवरी तक ऐसे शिक्षकों के पंजीयन के लिए अवसर दिया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान में किताबी ज्ञान लेकर अच्छे अंक प्राप्त होने पर हम खुश हो जाते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि समाज में दूसरों से कैसे बात करें और जिंदगी में कैसे सफलता हासिल करें। यह क्षमता विकसित करने के लिए निष्ठा कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के तहत देश में 57 लाख शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) निष्ठा के लिए नोडल संस्था है। एससीईआर की ओर से प्रदेश के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एससीईआरटी के समन्वयक नितिन तोलेकर ने बताया कि इसके लिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

इन शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण

निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के डेढ़ लाख शिक्षकों को अधिगम संप्राप्ति (एलओएस), स्कूल आधारित आकलन, शिक्षार्थी केंद्रित शिक्षाशास्त्र, शिक्षा में नवीन पहल, बहु शिक्षाशास्त्र की ओर से विद्यार्थियों की विविधताओं का समावेश और स्कूल नेतृत्व प्रबंधन आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण नेशनल रिसोर्स पर्संस, राज्य स्तर जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा चयनित की-रिसोर्स पर्संस और स्टेट रिसोर्स पर्संस के माध्यम से पूरा कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button