छग में मनरेगा मजदूरों को नहीं मिल रहा गारंटी कानून के हिसाब से पूरे दिन काम,प्रांतीय सम्मेलन में उठी बजट आबंटन की मांग,21 फरवरी को करेंगे राजधानी में प्रदर्शन

मनरेगा मजदूरों का प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन सम्पन्न:
छत्तीसगढ़ के 20 लाख से अधिक पंजीकृत मनरेगा मजदूरों को 100 दिन काम की गारंटी के लिये केंद्र सरकार 5 हजार करोड़ का बजट आबंटन करे,
मनरेगा में 50 दिन काम की गारंटी के लिये राज्य के बजट में 2500 करोड़ रूपये का प्रावधान करने की मांग को लेकर 21 को रायपुर में मनरेगा मजदूरों का प्रदर्शन,
दुर्ग (खबर वारियर) छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच और मनरेगा मजदूर कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में दुर्ग के गोंडवाना भवन मनरेगा मजदूरों का प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन राकेश कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया सम्मेलन में दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और चांपा जांजगीर जिला के मनरेगा प्रतिनिधि शामिल हुए जिसमें महिला प्रतिनिधियों की संख्या अधिक रही।
प्रांतीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में श्रमिक नेता सहदेव साहू, अन्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आई के वर्मा, जिला अध्यक्ष उत्तम चंद्राकर, ब्लाक अध्यक्ष परमानंद यादव, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संघ के घनश्याम सोनी, युवा स्वाभिमान मंच के प्रदेश अध्यक्ष पूरन लाल साहू और कल्याण सिंह ठाकुर आदि ने संबोधित करते हुए मनरेगा मजदूरों को मजबूती से संगठित होकर संघर्ष करने की बात कही।

सम्मेलन में प्रतिनिधियों ने इस बात पर रोष व्यक्त किया कि गारंटी कानून के अनुसार मनरेगा मजदूरों को 100 दिनों का काम केंद्र के बजट से और राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार 50 दिन का काम राज्य की बजट से मिलने का प्रावधान है जिसके लिये केंद्रीय बजट से राज्य को 5 हजार करोड़ और राज्य की बजट में 2500 करोड़ रूपये का बजटीय प्रावधान किया जाना चाहिये किंतु 150 के काम के लिये न तो केंद्र द्वारा और न हीं राज्य सरकार द्वारा बजटीय प्रावधान किया जाता है जिसके परिणाम स्वरूप मनरेगा मजदूरों को 20-25 दिन से अधिक काम नहीं मिल पाता है।
सम्मेलन में निर्णय लिया गया है कि विधान सभा के बजट सत्र से पहले 21 फरवरी को मनरेगा मजदूरों द्वारा रायपुर में प्रदर्शन किया जायेगा और राज्य के बजट में मनरेगा के मद में 2500 करोड़ रूपयों का मांग करने की मांग किया जायेगा।कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच के संयोजक राजकुमार गुप्त ने किया ।



