बकाया मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर मनरेगा मजदूरों ने कलेक्टर कार्यालय में लगाई गोहार,

कार्यालय में किसी अधिकारी के मौजूद नहीं रहने के कारण मजदूर पोर्च में ही बैठे धरने पर
27 मार्च तक भुगतान न होने पर मनरेगा मजदूर त्यौहार मनाने जाएंगे मुख्यमंत्री निवास
दुर्ग(khabar warrior)- जिले के सैकड़ों मनरेगा मजदूरों ने आज ढाई माह के बकाया मजदूरी का भुगतान करने की मांग को लेकर दुर्ग के कलेक्टर कार्यालय गोहार लगाने पहुंचे, कार्यालय में किसी भी अधिकारी के उपस्थित नहीं रहने के कारण मजदूर पोर्च में ही धरने पर बैठकर अधिकारी के आने का इंतजार करने लगे, मनरेगा मजदूरों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच के संयोजक राजकुमार गुप्त ने कहा कि मजदूरी का भुगतान नहीं होने के लिये शासन प्रशासन केंद्र सरकार से फंड नहीं आने का बहाना कर रही है, मजदूरों से काम राज्य सरकार ने लिया है इसलिये मजदूरी का भुगतान करने की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार की है.
यदि केंद्र से फंड नहीं भी आया है तब राज्य के फंड से मजदूरी का भुगतान किया जाना चाहिये ताकि मजदूरों के परिवार भी फागुन त्यौहार उत्साह पूर्वक मना सके, राज्य सरकार ने किसानों को न्याय योजना की राशि और कर्मचारियों को वेतन आयोग के एरियर्स की राशि का भुगतान किया है.
उसी प्रकार मनरेगा मजदूरों को भी पारिश्रमिक का भुगतान करना चाहिये, बाद में डिप्टी कलेक्टर महिलांग और जिला पंचायत के सीईओ आलोक ने मजदूर प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया है कि फागुन त्यौहार से पहले मजदूरी का भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है इस पर मजदूरों ने अधिकारियों को दो टूक कह दिया है कि यदि त्यौहार से पहले बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया तब 28 मार्च को त्यौहार मनाने मजदूर पूरे परिवार सहित मुख्यमंत्री के पदुमनगर निवास जायेंगे

आज के कार्यक्रम में जिला के लगभग 20 पंचायतों के मजदूर प्रतिनिधि शामिल हुए, कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी ने मास्क लगाकर निर्देशों का पालन किया, मनरेगा मजदूरों के आज के आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रतिनिधि के रूप में झबेंद्र भूषण वैष्णव उत्तम चंद्राकर, बद्रीप्रसाद पारकर, बाबूलाल साहू, कल्याण सिंह ठाकुर, प्रमोद पंवार, यीशू साहू, युवा स्वाभिमान मंच के अक्षय साहू, भीमा साहू, रूपनारायण साहू, ढालेश साहू, मनरेगा मजदूर कल्याण मंच के राकेश कौशिक, लता चंद्राकर, मंजू देशमुख, खिलेश्वरी देशमुख, गोवर्धन साहू आदि शामिल हुए ।



