2.73 लाख के पार देश में नए केस, 24 घंटे में 1619 संक्रमितों की मौत

दिल्ली(khabar warrior)- लगातार पांचवा दिन है जब देश में कोरोना के आंकड़े दो लाख के पार जा रहे हैं. ऐसे में जहां देश में कोरोना के मामले बेकाबू हो रहे हैं तो कई राज्यों का हाल-बेहाल है. जहां जनता त्राही-त्राही कर रही है. आपको बता दें कि हर दिन पिछले दिन से ज्यादा नए कोरोना मामले दर्ज हो रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 273,810 नए कोरोना केस आए और 1619 संक्रमितों की जान चली गई है. हालांकि 1,44,178 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं. इससे पहले शनिवार को 261,500 नए केस आए थे.
देश में आज कोरोना के आंकड़े फिर चौकाने वाले –
कुल कोरोना केस- एक करोड़ 50 लाख 61 हजार 919
कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 29 लाख 53 हजार 821
कुल एक्टिव केस- 19 लाख 29 हजार 329
कुल मौत- 1 लाख 78 हजार 769
कुल टीकाकरण- 12 करोड़ 38 लाख 52 हजार 566 डोज दी गई
छत्तीसगढ़ में भी कोरोना मचा रहा है कोहराम
छत्तीसगढ़ में आज 12345 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटे में 14075 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं दूसरी ओर 170 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 5580 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है। आज 12345 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5 लाख 44 हजार 840 संक्रमित संक्रमित हो गए हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक 4 लाख 10 हजार 913 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1,28,019 हो गई है।

क्या है देश में डेथ और रिकवरी रेट ?
देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.20 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 87 फीसदी है. एक्टिव केस बढ़कर 12 फीसदी से ज्यादा हो गए. कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है. कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है. जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है.

देश में दूसरी लहर ने मचाया कहर
भारत में कोरोनावायरस महामारी की दूसरी लहर सितंबर 2020 में आई पहली लहर से अलग है, क्योंकि नए मामले बढ़ने की दर काफी अधिक है. लैंसेट कोविड-19 कमीशन इंडिया टास्क फोर्स ने एक रिपोर्ट में कहा कि फरवरी से अप्रैल तक प्रतिदिन 10,000 से 80,000 नए मामलों की वृद्धि 40 दिनों से भी कम समय में हुई. पिछले सितंबर में इस सफर में 83 दिन लगे थे.




