छत्तीसगढ़

हटाए गए थप्पड़मार कलेक्टर, अब इन्हें मिली जिले की जिम्मेदारी

रायपुर(khabar warrior)- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में लागू लॉकडाउन के दौरान कलेक्टर ने एक युवक को थप्पड़ मारा और पुलिस से उसकी पिटाई भी करा दी।

घटना के वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि – सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक नवयुवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद दुखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम ने कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के मुताबिक मास्क लगाए एक युवक को पुलिस ने जब रोका तब वह कलेक्टर को एक कागज और मोबाइल फोन पर कुछ दिखाने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान कलेक्टर ने उसका फोन लिया और उसे जमीन पर फेंक दिया।

वायरल वीडियो के मुताबिक बाद में कलेक्टर ने युवक को थप्पड़ मारा और इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अधिकारी वहां पहुंचे और दो पुलिस कर्मियों ने युवक की डंडे से पिटाई भी कर दी।

गौरव कुमार सिंह होंगे सूरजपुर के नए कलेक्टर

छत्त्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियोें की नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है। जिसके तहत रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव कुमार सिंह को सूरजपुर जिले का नया कलेक्टर पदस्थ किया गया हैं वहीं रणवीर शर्मा को कलेक्टर सूरजपुर से स्थानांतरित करते हुए तत्काल प्रभाव से मंत्रालय में संयुक्त सचिव(प्रतीक्षारत) के पद पर पदस्थ किया गया है।

Related Articles

Back to top button