आरंग के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही सरकार – मारकण्डेय

रायपुर (खबर वारियर) आरंग नगर के अरुंधती देवी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत समस्त शिक्षकों का एक साथ स्थानांतरण कर देने पर आरंग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मारकण्डेय ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। वार्षिक परीक्षा की तिथि घोषित होने के बाद शिक्षकों का इस प्रकार एक साथ स्थानांतरण किया जाना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मारकण्डेय ने आरोप लगाया है कि यह स्कूल शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
मारकंडेय का यह आरोप है कि अध्यापन कार्य के लिए शिक्षकों के वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। एक हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित करने के लिए शिक्षक एवं अन्य स्टाफ मिलाकर 43 कर्मचारियों की आवश्यकता होती है जबकि स्वामी आत्मानंद योजना अंतर्गत संचालित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में सिर्फ 35 कर्मचारी कार्यरत हैं। इस प्रकार अंग्रेजी माध्यम के साथ हिंदी माध्यम विद्यालय को संचालित करने के लिए लगभग 80 स्टाफ की आवश्यकता होगी।
यदि हिंदी माध्यम विद्यालय को बंद किया जा रहा है तो वर्तमान में अध्ययनरत 449 विद्यार्थी किस विद्यालय में जाएंगे और यदि हिंदी माध्यम विद्यालय संचालित होता है तो विद्यार्थियों को अध्यापन कौन कराएगा इस प्रश्न का शासन के पास कोई जवाब नहीं होना दुखद है।



