छत्तीसगढ़
श्रमिक यूनियन के कैलेंडर में दिखी आंदोलनों की झलक

बिलासपुर(खबर वारियर)- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्रमिक यूनियन ने वर्ष 2021 का कैलेंडर जारी किया है। रविवार को इसका विमोचन आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री ने किया। इस बार के कैलेंडर में खास बात यह है कि सालभर यूनियन के लिए अलग- अलग मांगों को लेकर किए गए आंदोलनों की फोटो भी है। इसके अलावा अवकाश की जानकारी भी तिथिवार दी गई है।
यूनियन की ओर से नए साल में हर बार कैलेंडर तैयार कराया जाता है। इसका वितरण पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के अलावा कर्मचारियों को किया जाता है। यह सुविधाजनक होती है। अभी तक इसके जरिए सालभर पड़ने वाले अवकाश को दर्शाया जाता था। यह पहली बार है जब कैलेंडर में आंदोलनों को भी फोटो के माध्यम से दिखाया गया है।
श्रमिक यूनियन के मंडल संयोजक सी नवीन कुमार ने बताया कि यूनियन ने कर्मचारियों के हित से जुड़ी मांगों को सालभर धरना, प्रदर्शन, रैली के माध्यम से उठाया है। इनमें प्रमुख रूप से न्यू पेंशन स्कीम के विरोध में क्रमिक भूख हड़ताल, निजीकरण, निगमीकरण एवं मई दिवस की प्रभात रैली, बोनस की मांग को लेकर दिए गए धरने की फोटो हैं। इसका विमोचन नागपुर में फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के हाथों कराया गया। वहां सेंट्रल हाल में श्रमिक यूनियन के यूथ विंग की सभा थी। इस दौरान विमोचन भी कराया गया।
इस अवसर पर श्रमिक यूनियन के महामंत्री मनोज बेहरा, नागपुर मंडल के मंडल संयोजक राधेश्याम, रायपुर मंडल के संयोजक राजेश डोंगरे, सहायक महामंत्री के अमर कुमार, जोनल कोषाध्यक्ष गिरजा शंकर पुरी, सहायक महामंत्री आरके राव समेत बड़ी संख्या में यूथ विंग रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। जल्द ही तीनों मंडल नागपुर, रायपुर एवं बिलासपुर के सभी कार्यालयों में कैलेंडर का वितरण किया जाएगा।



