देश

दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम शनिवार से हो रहा शुरू

पहले चरण में 3 करोड़ लोगों के टीकाकरण का खर्च वहन करेगी केंद्र सरकार

नेशनल (खबर वारियर)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश में इस शनिवार से दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम शुरू हो रहा है। आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत में उन्‍होंने कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की और टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किए जाने पर विस्‍तार से चर्चा की।

पीएम मोदी ने कहा कि देश में बनी दो वैक्‍सीन कोविशिल्ड और कोवाक्सिन को आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दे दी गई है। उन्‍होंने कहा कि दोनों वैक्‍सीन किफायती हैं तथा चार और वैक्‍सीन विकसित की जा रही है।

मोदी ने कहा है कि पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को ये टीके लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण में तीन करोड़ लोगों के टीकाकरण का खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। दूसरे चरण में पचास वर्ष से अधिक आयु और किसी रोग से ग्रस्‍त पचास वर्ष से कम आयु के लोगों को टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों ने देशवासियों को प्रभावी टीके उपलब्ध कराने के लिए सभी सावधानियां बरती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने कोविड वैक्सीन से किसी भी तरह की असहजता से निपटने के प्रबंध किए हैं।

केंद्र सरकार और राज्‍यों के बीच विचार-विमर्श तथा सहयोग से कोविड के खिलाफ लड़ाई में बहुत मदद मिली है। भारत में कोविड-19 महामारी की स्थिति अन्‍य देशों की तुलना में बेहतर है। और यह कोरोनाकाल के दौरान एकजुट होकर काम करने का परिणाम है।

प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से टीकाकरण के दौरान अफवाहें न फैलाने को सुनिश्चित बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश के भीतर और बाहर कुछ स्‍वार्थी लोग अफवाहों को हवा देने का काम कर सकते हैं।

देश के विभिन्न हिस्सों में बर्ड फ्लू की मौजूदा स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस बारे में एक रूपरेखा तैयार की है, जिसपर तत्‍काल अमल करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस फ्लू के फैलाव को रोकने के लिए जिलाधिकारियों की भी महत्‍वपूर्ण भूमिका है।
मोदी ने कहा कि उन राज्यों को और अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है जहां बर्ड फ्लू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button